एचएसएससी ने मेवात कैडर पीआरटी भर्ती का अंतिम परिणाम जारी
चंडीगढ़, 24 जुलाई। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने प्राथमिक शिक्षक (पीआरटी) मेवात कैडर के पदों के लिए विज्ञापन संख्या 05/2024, श्रेणी-01 का अंतिम परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों की रोल नंबरवार और श्रेणीवार सूची जारी की है। इसके साथ ही प्रत्येक श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थी का कटऑफ भी सार्वजनिक किया गया है।
आयोग के अनुसार, अनारक्षित (यूआर) वर्ग में अंतिम चयनित अभ्यर्थी का कटऑफ 75.05 अंक रहा। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) का कटऑफ 70.30, बीसीए वर्ग का 69.35, बीसीबी वर्ग का 70.30 और अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग का कटऑफ 68.40 अंक रहा।
40 अभ्यर्थियों का परिणाम सीलबंद
आयोग ने स्पष्ट किया है कि 40 अभ्यर्थियों के परिणाम लंबित न्यायिक मामलों के कारण सीलबंद लिफाफे में रखे गए हैं। इसके अलावा पूरा परिणाम संबंधित न्यायालयीन मामलों के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।
एचएसएससी ने यह भी कहा कि यदि परिणाम में किसी प्रकार की तकनीकी या अनजानी त्रुटि सामने आती है तो उसे बाद में संशोधित किया जा सकता है।
Sirsa, Sirsa | Jul 24, 2026