एचपीएससी सहायक जिला अटॉर्नी स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम जारी, 467 अभ्यर्थी अगले चरण के लिए चयनित
पंचकूला।
हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) ने अभियोजन विभाग में सहायक जिला अटॉर्नी (एडीए) के पदों के लिए आयोजित स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम जारी कर दिया है। विज्ञापन संख्या 18/2025 के तहत यह परीक्षा 5 जुलाई 2026 को आयोजित की गई थी। आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, स्क्रीनिंग टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों को अब विषय ज्ञान परीक्षा (Subject Knowledge Test) के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। जारी सूची में कुल 467 अभ्यर्थियों के रोल नंबर शामिल हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के रोल नंबर मेरिट के क्रम में नहीं, बल्कि आरोही क्रम में जारी किए गए हैं।
यह परिणाम सभी अन्य पात्रता शर्तों को पूरा करने के अधीन है। आयोग ने परिणाम के साथ स्पष्ट किया है कि परिणाम तैयार करने में पूरी सावधानी बरती गई है, फिर भी किसी अनजानी त्रुटि की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसी स्थिति में आयोग को बाद में किसी भी त्रुटि को ठीक करने का अधिकार रहेगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि परिणाम सुप्रीम कोर्ट में लंबित रिट याचिका (सिविल) संख्या 708/2026 और 804/2026 तथा हाईकोर्ट में लंबित एलपीए संख्या 3171/2025 के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। HPSC की ओर से परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।
Sirsa, Sirsa | Jul 24, 2026