बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने खुसरूपुर प्रखंड के अंतर्गत स्थित ऐतिहासिक और पौराणिक गौरीशंकर बैकुंठनाथ धाम मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का दर्शन और पूजन किया। इस अवसर पर उनके साथ स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर समिति के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मंत्री के मंदिर पहुंचने पर उनके पंडा देवनाथ पंडा उर्फ मल्लू बाबा एवं उनके पुत्र शुभम तिवारी एवं माखन बाबा ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका पूजन संपन्न कराया। शिक्षा मंत्री ने विधिवत मंत्रों के बीच भगवान बैकुंठनाथ का जलाभिषेक किया और राज्य की सुख, शांति, समृद्धि और प्रगति की कामना की। पूजा-अर्चना के दौरान पूरा मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंज उठा।
पूजा के उपरांत गौरीशंकर बैकुंठनाथ धाम न्यास समिति की ओर से मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। समिति के सचिव राजाराम सिंह ने मंत्री मिथिलेश तिवारी को बैकुंठनाथ धाम का प्रतीक चिन्ह (स्मृति चिह्न) और पारंपरिक अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान न्यास समिति के सदस्यों ने मंदिर के ऐतिहासिक महत्व और इसके विकास कार्यों के बारे में भी मंत्री को विस्तृत जानकारी दी।
सम्मान ग्रहण करने के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंदिर परिसर की भव्यता और इसकी पौराणिक महत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह स्थान हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर का एक प्रमुख केंद्र है। सरकार राज्य के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति से जुड़ी रहें।
इस कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्तर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मंदिर समिति के सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंत्री का स्वागत किया। इस दौरे से स्थानीय लोगों में मंदिर के जीर्णोद्धार और विकास को लेकर एक नई उम्मीद जगी है इस मौके पर मंदिर न्यास समिति के सदस्य राजेश कुमार झूलन पासवान राजा सिंह बैकटपुर पंचायत के सरपंच पंकज कुमार पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष निलेश रंजन मौजूद रहे
Mokameh, Patna | Aug 28, 2026