गोबरांव कला स्थित अति प्राचीन सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में चोरी, 11-11 किलो के दो ऐतिहासिक घंटे ले उड़े चोर
सतना। जिले के उचेहरा थाना अंतर्गत ग्राम गोबरांव कला स्थित अति प्राचीन एवं जन-आस्था के केंद्र 'सिद्धेश्वर नाथ मंदिर' में शनिवार को अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। चोर मंदिर परिसर में टंगे हुए लगभग 11-11 किलोग्राम वजनी दो ऐतिहासिक पीतल के घंटे चुरा ले गए। देर शाम लगभग 7 बजे जब मुख्य पुजारी चंद्रिका प्रसाद पाण्डेय व ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तब उन्हें चोरी की इस घटना की जानकारी हुई, जिससे पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। रात ही उचेहरा थाना पुलिस की घटना की जानकारी दी गई। रविवार की सुबह पुलिस ने मौका मुआयना कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुजारी चंद्रिका प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि शिव एवं पार्वती मंदिर आमने सामने है। दोनों ही मंदिरों के घंटे बदमाश चोरी कर ले गए। उधर, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष शिवम त्रिपाठी ने कहा कि सिद्धेश्वर नाथ मंदिर हमारी आस्था और अटूट श्रद्धा का केंद्र है। धार्मिक स्थलों पर इस तरह की चोरियां न सिर्फ कानून-व्यवस्था को चुनौती हैं, बल्कि यह हमारे समाज की धार्मिक भावनाओं पर भी गहरा आघात है। हमने पुलिस प्रशासन से साफ शब्दों में कहा है कि इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस तुरंत खोजी कुत्तों और साइबर सेल की मदद से चोरों को गिरफ्तार करे और मंदिर की प्राचीन धरोहर (घंटों) को ससम्मान वापस लाकर स्थापित करवाए। यदि जल्द ही चोरों की धरपकड़ नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।