केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, यह मेरे पिता रामविलास पासवान का दशकों पुराना सपना था।
पटना।हाजीपुर सांसद चिराग पासवान ने कहा, मेरे लिए उत्साह की बात है कि आज प्रधानमंत्री मेरे संसदीय क्षेत्र में आकर बिहार के लिए कई परियोजनाओं को समर्पित करेंगे। पर उससे ज्यादा महत्व आज के दिन का तब बढ़ जाता है, जब मेरे नेता मेरे पिता आदरणीय रामविलास पासवान जी का दशकों पुराना सपना पूरा होने जा रहा है। उन्होंने सांसद के तौर पर सपना देखा था कि कैसे अपने संसदीय क्षेत्र को पटना की मुख्यधारा से जोड़ें, राघोपुर की जनता को विपरीत परिस्थितियों से निकालें।
उन्होंने कहा, यह डबल इंजन सरकार की ताकत है। प्रधानमंत्री जी की सोच, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व और शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने की थी। आज जब वो साकार हो रहा है तो पिता जहां कहीं भी होंगे, जरूर खुश होंगे, गर्व कर रहे होंगे।
पुल के नाम को लेकर हो रहे विवाद पर चिराग ने कहा, जो लोग नाम की होड़ में लगे रहते हैं, वो काम का महत्व कभी समझेंगे ही नहीं। अगर इतना ही आसान था, तो कांग्रेस और राजद लंबे समय तक सत्ता में थी, तब क्यों नहीं कर लिया। ये नाम की लड़ाई लड़ते रहें, हम काम पर ध्यान दे रहे हैं। अगर उन्होंने काम किया होता तो आज उनका भी नाम होता।