जालौन: घर के बाहर सो रही महिला की सिर कुचलकर हत्या, गांव में सनसनी
जालौन के रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम जायघा में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। घर के बाहर चारपाई पर सो रही मीना देवी (50) पत्नी स्व. कल्लू सिंह राजावत की अज्ञात हमलावर ने सिर पर किसी भारी हथियार से कई वार कर निर्मम हत्या कर दी। गुरुवार सुबह खून से लथपथ शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही सीओ अंबुज यादव, थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के दो बेटे देवेंद्र सिंह और विकेश सिंह गुजरात के अंकलेश्वर में टाइल्स लगाने का काम करते हैं। पुलिस के अनुसार, बड़े बेटे देवेंद्र को सूचना दे दी गई है और वह गांव के लिए रवाना हो चुका है। उसके आने के बाद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में पुलिस रंजिश, लूटपाट समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतका पति की मौत के बाद घर में अकेली रहती थीं। सीओ अंबुज यादव ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
Orai, Jalaun | Jul 2, 2026