*साढ़े चार करोड़ रूपये की लागत से निर्मित होने वाली सांवेर की सभी 38 आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण समय-सीमा में पूर्ण हो – मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट*
इंदौर 6 जुलाई 2026,
प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं सांवेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री तुलसीराम सिलावट ने सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सांवेर विधानसभा क्षेत्र की साढ़े चार करोड़ से निर्मित होने वाली सभी 38 आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण आगामी दो माह के भीतर पूर्ण कर शीघ्र लोकार्पण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली, पेयजल, शौचालय, भोजन सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों एवं महिलाओं को उच्च गुणवत्ता वाला पोषण आहार नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए तथा केंद्रों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि किसी आंगनबाड़ी केंद्र में किसी प्रकार की समस्या या बाधा सामने आती है तो उसका तत्काल संज्ञान लेकर शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी रजनीश सिन्हा, बाल विकास परियोजना अधिकारी विक्रम सिंह चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुसुम मंडलोई, प्रियंका टेगोर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पारेगी गोयल, जोनल अधिकारी आनंद रेदास, अनिल शर्मा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---
#JansamparkMP #Indore #इंदौर #Anganwadi #WomenAndChildDevelopment #Nutrition #Infrastructure #ChildWelfare
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh