हिड़व स्कूल की बेटियों ने बास्केटबॉल में लहराया परचम
विद्यालय पहुंचने पर हुआ होनहारों का भव्य स्वागत
अंडर-19 में जिला विजेता, अंडर-14 में दूसरा स्थान; नौ खिलाड़ी राज्य स्तर के लिए चयनित
कुल्लू, 8 अक्तूबर।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हिड़व के खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-19 छात्राओं की बास्केटबॉल टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर जिला विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि अंडर-14 छात्रों की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसमें विद्यालय के डीपीई गोपी चंद ठाकुर का विशेष योगदान रहा। तीन से छह अक्तूबर तक आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा और अनुशासन का परिचय दिया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन, पंचायत प्रधान और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
विद्यालय के लिए उपलब्धि यहीं नहीं रुकी। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर पाठशाला के नौ विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ी बिलासपुर, चंबा और सिरमौर सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कुल्लू का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों, शारीरिक शिक्षा अध्यापकों और अभिभावकों को इस सफलता के लिए बधाई दी। प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य छात्रों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
Kullu, Kullu | Oct 8, 2026