श्रीनगर में फोटोग्राफर यूनियन टूटने की कगार पर, नई यूनियन के गठन की तैयारी
देवलोक होटल में 50 से अधिक फोटोग्राफरों ने की बैठक, 4 अक्टूबर को मौजूदा यूनियन के पदाधिकारियों के साथ होगी निर्णायक वार्ता
श्रीनगर। हाल ही में गठित हुई फोटोग्राफर यूनियन श्रीनगर में अब टूट की कगार पर पहुंचती नजर आ रही है। नगर के 50 से अधिक फोटोग्राफरों ने देवलोक होटल में बैठक कर नई यूनियन के गठन को लेकर चर्चा की। बैठक में शहर के वरिष्ठ फोटोग्राफरों ने भी हिस्सा लिया। फिलहाल फोटोग्राफरों ने नई यूनियन के गठन को लेकर अंतिम निर्णय नहीं लिया है।
बैठक में शामिल फोटोग्राफरों ने मौजूदा यूनियन की कार्यप्रणाली और भविष्य को लेकर विचार-विमर्श किया। तय किया गया कि 4 अक्टूबर को मौजूदा यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
फोटोग्राफरों का कहना है कि यदि 4 अक्टूबर को होने वाली बैठक में कोई ठोस निर्णय नहीं निकलता है, तो नई फोटोग्राफर यूनियन का गठन किया जा सकता है।
नगर में बड़ी संख्या में फोटोग्राफरों की मौजूदगी और वरिष्ठ फोटोग्राफरों की बैठक में भागीदारी को देखते हुए आगामी बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें 4 अक्टूबर को होने वाली वार्ता पर टिकी हैं, जिसमें यूनियन के भविष्य को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।