*28 अगस्त से शुरू होगा उत्तर भारत का प्रसिद्ध गोगामेड़ी मेला*
*40 लाख श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना, तैयारियों की जिला कलक्टर ने की समीक्षा*
नोहर 26 अगस्त। उत्तर भारत के प्रसिद्ध गोगामेड़ी मेले-2026 की तैयारियों को लेकर बुधवार को गोगामेड़ी स्थित पंचायत भवन में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में भादरा विधायक श्री संजीव बेनीवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य भी उपस्थित रहे। बैठक में मेले की सभी व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं समन्वित रूप से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर और एसपी ने मेला क्षेत्र में विभिन्न तैयारियों का निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने इस मौके पर गोगामेड़ी पुलिस चौकी का भी निरीक्षण किया।
बैठक में देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त श्री गौरव सोनी ने मेले की तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए पूर्व बैठक की अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, टेंट एवं बैरिकेडिंग, मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ प्रबंधन, यातायात एवं पार्किंग, विद्युत, पेयजल, सफाई, अपराध नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, पशु मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पशुपालन, जल संसाधन, विद्युत, पुलिस, नगर निकाय तथा प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी तैयारियों की अद्यतन जानकारी दी।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 28 अगस्त से प्रारंभ होने वाले मेले में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। इस वर्ष मेले में लगभग 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग क्षेत्र के भीतर 6 प्रसाद एवं आवश्यक सामग्री की दुकानें स्थापित की जाएगी, ताकि कतार में लगे श्रद्धालुओं को बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े। मेला क्षेत्र में लगभग 650 दुकानों का आवंटन किया गया है तथा श्रद्धालुओं के ठहराव एवं सुविधा के लिए बड़े डोम भी लगाए जा रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए इस बार 255 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे है, जिनसे पूरे मेला क्षेत्र एवं बैरिकेडिंग मार्ग की निगरानी की जाएगी। आसपास के पुलिस थानों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। मेले के दौरान आयोजित होने वाला पशु मेला भी विशेष आकर्षण रहेगा, जिसमें विभिन्न राज्यों से पशुपालक भाग लेंगे तथा समापन से पूर्व पशुओं की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती गीता चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक श्री कुलदीप, नोहर उपखंड अधिकारी श्रीमती सुनीता यादव एवं भादरा उपखंड अधिकारी श्री भागीरथ राम, तहसीलदार श्री बजरंग लाल, नगर पालिका नोहर के अधिशासी अधिकारी, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक, जल संसाधन एवं विद्युत विभाग के अभियंता, विकास अधिकारी, थानाधिकारी, देवस्थान विभाग से श्री अजय दुडिया, श्री रितेश श्रीमाली, श्री योगेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।