कल 13 जुलाई को बनीखेत और आसपास के क्षेत्रों में बिजली रहेगी पूरी तरह बाधित
डलहौजी/चम्बा 12 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
विद्युत उपमंडल डलहौजी के अंतर्गत आने वाले बनीखेत क्षेत्र में 13 जुलाई को निर्धारित रखरखाव कार्य के चलते विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह शटडाउन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक अथवा कार्य पूर्ण होने तक प्रभावी रहेगा।
जानकारी के मुताबिक, 33/11 के.वी. सब-स्टेशन डलहौजी के अंतर्गत 11 के.वी. बनीखेत फीडर की एचटी/एलटी लाइनों की आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव किया जाएगा। इस दौरान बनीखेत बाजार सहित पपर क्षेत्र (गैस एजेंसी बनीखेत, सत्य साईं स्कूल, के.वी. स्कूल बनीखेत, डी.ए.वी. कॉलेज बनीखेत), कंडा, बडेरू तलगुट, बाड़ तथा इनके आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूर्ण रूप से बंद रहेगी।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह शटडाउन पूरी तरह मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। यदि मौसम अनुकूल नहीं रहा तो कार्य की समयावधि में बदलाव संभव है। विभाग का कहना है कि यह कार्य क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
सहायक अभियंता इंद्रजीत सिंह ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि मरम्मत कार्य अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे निर्धारित समय के दौरान धैर्य रखें और विभाग के कार्य में सहयोग प्रदान करें।
विद्युत उपमंडल डलहौजी ने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे इस अवधि के दौरान अपने आवश्यक कार्यों की अग्रिम योजना बना लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
Chamba, Chamba | Jul 12, 2026