*महुआ में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन आयोजित, महिलाओं के सशक्तिकरण पर दिया गया विशेष जोर*
भीलवाड़ा/आकोला :(रमेश चन्द डाड) क्षेत्र के महुआ गांव में 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के अभियान के अंतर्गत नारी चौपाल एवं नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मांडलगढ़ विधायक श्री गोपाल खंडेलवाल रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक खंडेलवाल ने कहा कि भारत की नारी शक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है तथा देश के विकास में महिलाओं का योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत राज संस्थाएं महिला नेतृत्व का सशक्त उदाहरण हैं और सरकार महिलाओं को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं उन क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं जिन्हें कभी पुरुष प्रधान माना जाता था। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश के विकास को नई दिशा प्रदान कर रही है।
भाजपा महुआ मंडल अध्यक्ष ब्रजमोहन शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय नारी ने अपनी मेहनत, साहस और आत्मविश्वास के बल पर नई उपलब्धियां हासिल की हैं। समाज और सरकार को मिलकर महिलाओं के लिए अवसरों का विस्तार करना चाहिए ताकि वे और अधिक सशक्त होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद सदस्य महेंद्र वर्मा, रणवीर सिंह, बूथ अध्यक्ष बनवारी धाकड़, ग्राम पंचायत प्रशासक कमला देवी खटीक, मांडलगढ़ पंचायत समिति विकास अधिकारी हरिराम विजय तथा महिला एवं बाल विकास अधिकारी शंकरलाल बैरवा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।