कानून को ठेंगा, खाकी बेखबर रीवा में खुलेआम चल रहा 'जुग्गु' का जुआ फड़, कैमरा देखते ही मची भगदड़
रीवा। विंध्य की राजधानी कहे जाने वाले रीवा शहर में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए जुए के अवैध कारोबार का खेल बदस्तूर जारी है। शहर के घोघर में बीचों-बीच चल रहे एक फड़ का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक तंत्र और पुलिस की गश्त पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही मीडिया या कैमरे की नजर जुआरियों पर पड़ी, मौके पर हड़कंप मच गया और ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे लोग आनन-फानन में मुंह छुपाकर भाग खड़े हुए।
'जुग्गु' का नाम आया सामने, उठ रहे कई सवाल
स्थानीय सूत्रों और चर्चाओं के मुताबिक, बेखौफ अंदाज में चलाए जा रहे इस जुआ फड़ की कमान ‘जुग्गु’ नामक व्यक्ति के हाथों में बताई जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक या स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिना संरक्षण के इस तरह खुलेआम अवैध कारोबार का चलना संभव नहीं है।
कार्रवाई के अभाव में बुलंद हौसले
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की सुस्ती और ढुलमुल रवैये के कारण क्षेत्र में जुआ संचालकों के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं। आए दिन जुए के फड़ सज रहे हैं, जिससे आसपास का माहौल खराब हो रहा है और युवा पीढ़ी गलत राह पर जा रही है। कैमरा पहुंचते ही जुआरियों का इस तरह तीतर-बीतर होना यह साबित करता है कि गैर-कानूनी काम पूरी ढिठाई से चल रहा था।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब यह मामला शहर भर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। आम नागरिकों ने पुलिस प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर संबंधित स्थल की पहचान की जाए। 'जुग्गु' समेत इस अवैध धंधे को संचालित करने वाले मुख्य सरगनाओं की जांच हो। दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई की जाए ताकि अवैध गतिविधियों पर लगाम लग सके। अब देखना यह होगा कि रीवा पुलिस इस मामले में क्या रुख अपनाती है और कानून का खौफ जताने के लिए इन जुआरियों पर कब तक शिकंजा कसती है।
Huzur Nagar, Rewa | Sep 14, 2026