केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का बड़ा बयान,भोजपुर की तरह निसरपुरा दोहरे हत्याकांड के आरोपियों का भी हो एनकाउंटर।
बिहार में एक तरफ जहां भोजपुर एनकाउंटर को लेकर पूरे बिहार की सियासत और प्रदेश में उबाल मचा है, वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने जहानाबाद के भेलावर थाना क्षेत्र के निसरपुरा गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपियों को एनकाउंटर करने की मांग कर दी है।
उन्होंने कहा कि जेल में आरोपियों को सुरक्षित ठिकाना मिल गया है। अब जेल से भी उन लोगों द्वारा धमकी दी जा रही है। यदि उन लोगों को पुलिस द्वारा गिरफ्तारी होती तो पूछताछ में कई बातें सामने आती लेकिन आत्मसमर्पण में कोई भी बात सामने नहीं आ सकी, जिससे कई लोग जो घटना में शामिल है बच जा रहे हैं।
दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री सह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी रविवार को भेलावर थाना क्षेत्र के निसरपुरा गांव पहुंचकर दोहरे हत्याकांड से प्रभावित परिवार से मुलाकात की। पीड़ित परिजनों को सांत्वना देने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए घटना को पुलिस की निष्क्रियता का परिणाम बताया और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। मांझी ने कहा कि निसरपुरा गांव में हुई दूसरी हत्या को रोका जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवम की हत्या के बाद उसके परिवार के लोगों को लगातार धमकियां मिल रही थीं। परिजन द्वारा इसकी शिकायत कई बार पुलिस प्रशासन से की गई, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना था कि यदि पुलिस ने तत्काल कदम उठाए होते तो उसी परिवार के दूसरे सदस्य मुन्ना कुमार की हत्या नहीं होती।
पूर्व मुख्यमंत्री ने मामले में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घोसी की भूमिका को गैर-जिम्मेदाराना बताया। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी प्रारंभिक कार्रवाई हुई, वह आईजी की सक्रियता के कारण संभव हो सकी। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक मृतक का मोबाइल फोन बरामद नहीं होना पुलिस की बड़ी विफलता है, क्योंकि इससे जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिल सकती थी। मांझी ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में डीजीपी से बातचीत की है। अभी भी परिवार के लोगों को धमक मिल रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि दो-तीन दिनों के भीतर फरार आरोपितों की गिरफ्तारी तथा परिवार को धमकी मिलना बंद नहीं होता है तो पुनः इस मामले को उच्च स्तर पर उठाएंगे। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि हत्या में सीधे तौर पर शामिल अपराधियों के प्रति सख्त रुख अपनाया जाना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की भी मांग की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्य सचिव से बातचीत की गई है और सरकार से उचित मुआवजा उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। मांझी ने परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।