रामगढ़ कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन: छात्रसंघ चुनाव बहाल करने सहित 5 मांगों को लेकर एबीवीपी का ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की राजकीय महाविद्यालय, रामगढ़ इकाई ने शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव बहाल करने सहित छात्रहित से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगों का समाधान नहीं किया गया तो छात्रहित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक आंदोलन और वृहद् प्रदर्शन किया जाएगा।
नगर मंत्री नितेश नायक के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने की रखी गई, ताकि विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व का अधिकार मिल सके। इसके अलावा परिषद ने मांग की कि जिन विद्यार्थियों के बैक पेपर या रीवैल्यूएशन के बाद परिणाम अनुकूल आते हैं, उन्हें संबंधित विषयों की जमा 75 प्रतिशत फीस वापस की जाए।
एबीवीपी ने महाविद्यालय परिसर और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षाएं और परीक्षा परिणाम उच्च शिक्षा विभाग के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार समयबद्ध कराने तथा VAC एवं SEC विषयों के लिए योग्य शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति की भी मांग उठाई।
परिषद का कहना है कि इन समस्याओं के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। ज्ञापन में प्रशासन से सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। साथ ही स्पष्ट किया गया कि यदि मांगों की अनदेखी की गई तो छात्रहित में बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।
Alwar, Alwar | Aug 7, 2026