बागपत के बड़ौत में आठ माह की गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि परिवार के ही लोगों ने महिला का शव घर में नहीं ले जाने दिया और मकान पर कब्जा कर रखा है। परिजन रातभर शव सड़क पर रखकर बैठे रहे। बुधवार सुबह शव रविदास मंदिर में रखकर पुलिस के खिलाफ विरोध जताया।
दरअसल, मुजफ्फरनगर की 23 वर्षीय शिवानी पंजाब में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने गई थी। सोमवार को काम के दौरान पैर फिसलने से गिरने के बाद उसकी मौत हो गई थी। मंगलवार रात परिजन शव लेकर बिजरौल गांव पहुंचे, लेकिन मकान में प्रवेश नहीं मिला।
परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस रातभर मौके पर नहीं पहुंची। करीब 12 घंटे चले हंगामे के बाद पुलिस के आश्वासन पर परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। सीओ अंशु जैन ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। फिलहाल स्थिति शांत है और मामले की जांच की जा रही है।
Baghpat, Bagpat | Nov 12, 2026