*डीग: गोपालगढ़ के पास मील मदरसे में बड़ा हादसा, सेप्टिक टैंक साफ करने उतरीं 10 छात्राएं हुईं शिकार; एक की मौत, दर्जनभर घायल*
डीग जिले के गोपालगढ़ थाना इलाके के मील स्थित एक मदरसे में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहाँ मदरसे के सेप्टिक टैंक की सफाई करने उतरीं करीब 10 छात्राएं जहरीली गैस और मलबे की चपेट में आ गईं। इस दर्दनाक हादसे में एक 16 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन अन्य छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना दोपहर करीब 3 बजकर 30 मिनट की बताई जा रही है।
*कलेक्टर और एसपी पहुंचे मौके पर, संभाला मोर्चा*
हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। डीग जिला कलेक्टर मयंक मनीष अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक (एसपी) गोपीनाथ कांबले तुरंत भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
*अलवर अस्पताल में इलाज जारी, एक की मौत*
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुईं सभी छात्राओं को तुरंत अलवर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। मृतका की पहचान रोहिन (16-17 वर्ष) पुत्री अब्दुल वहीद, निवासी साकरस खेड़ी, फिरोजपुर (हरियाणा) के रूप में हुई है।
*घायलों की सूची:*
इस हादसे में घायल हुए बच्चों और लोगों की सूची इस प्रकार है, जिनमें से अधिकांश पड़ोसी राज्य हरियाणा की निवासी हैं:
अफरोज (22 वर्ष) पुत्री मो. इरशाद, निवासी धाना बास (हरियाणा)
नजमा (18 वर्ष) पुत्री जकारिया, निवासी गुलपाड़ा (सीकरी)
शमा (17 वर्ष) पुत्री साजिद, निवासी जमालगढ़ (हरियाणा)
तफसीर (16 वर्ष) पुत्री आबिद, निवासी शेखपुर (हरियाणा)
हमसीरा (15 वर्ष) पुत्री अहमद, निवासी दिहाना (हरियाणा)
मनीषा (15 वर्ष) पुत्री कमालुद्दीन, निवासी दिहाना (हरियाणा)
साबिया (18 वर्ष) पुत्री ईसा, निवासी हनुमानगढ़ (राजस्थान)
नजराना पुत्री यायाहा, निवासी चांदडाका (हरियाणा)
नाहिदा पुत्री दीनमोहम्मद, निवासी कुलहेड़ा (हरियाणा)
असमा पुत्री जाकिर, निवासी छिरोली (हरियाणा)
मो. तारिक (30 वर्ष) पुत्र महबूब
*प्रशासन जुटा जांच में*
मदरसे में छात्राओं से सेप्टिक टैंक साफ कराने और इस बेहद खतरनाक काम के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर स्थानीय स्तर पर काफी आक्रोश देखा जा रहा है। जिला प्रशासन इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है कि आखिर किन परिस्थितियों में छात्राओं को टैंक के अंदर उतारा गया। पुलिस ने मृतका के शव को मोर्चरी में रखवाया है और मामले की गहन तफ्तीश जारी है।
सौजन्य:- सोशल मीडिया
Hisar, Hissar | Jul 23, 2026