त्योहारों के मद्देनजर सोहागपुर में संयुक्त टीम द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, 5 किलो मावा नष्ट, नमूने लिए
कलेक्टर नर्मदापुरम श्री आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर आगामी त्योहारों को देखते हुए शुक्रवार को राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने सोहागपुर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच और सैंपलिंग की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान बीकानेर मिष्ठान भंडार के कारखाने से मावा एवं मावा बर्फी के नमूने लिए गए। साफ-सफाई न मिलने पर नोटिस जारी किया गया। कमानी गेट स्थित सपना स्वीट्स से मावा का नमूना लिया गया और 5 किलो मावे का विनष्टीकरण कराया गया।
इसके अलावा अंजलि स्वीट्स से लड्डू एवं मिठाई, दुबे स्वीट से गुजिया और कलाकंद, मेघा स्वीट्स से मावा पेड़ा और दूध मावा बर्फी के नमूने लिए गए।
यह कार्रवाई एसडीएम श्रीमती बबीता राठौर, तहसीलदार शक्ति सिंह, नायब तहसीलदार राम सिपाही मरावी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा द्वारा की गई। सभी स्थायी मिठाई निर्माताओं को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं, रिपोर्ट आने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Home Department of Madhya Pradesh Directorate of Health Services, Madhya Pradesh Department of Food, Civil Supplies & Protection - Madhya Pradesh
Hoshangabad, Madhya Pradesh | Oct 31, 2026