कचनामा में वार्ड सदस्य के पति की हत्या, चाकू-रॉड से किया गया हमला; आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम की सड़क
जहानाबाद : मखदुमपुर थाना क्षेत्र के कचनामा गांव में रविवार की रात अपराधियों ने वार्ड सदस्य के पति कमलेश कुमार (32) की हत्या कर दी। बदमाशों ने चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बताया गया कि कमलेश कुमार घर के निचले हिस्से में सो रहे थे। उनकी पत्नी सह वार्ड सदस्य कंचन सिंह और बच्चा ऊपर बने कमरे में थे। सोमवार सुबह बच्चा पिता को जगाने नीचे पहुंचा तो कमलेश को खून से लथपथ पाया। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली।
हत्या से नाराज ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी और वरीय पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर कचनामा पुल के पास सागरपुर-मखदुमपुर मार्ग को करीब पांच घंटे तक बाधित रखा। बाद में ग्रामीण पैदल मखदुमपुर पहुंचे और प्लेया के समीप एनएच-22 पर भी लगभग एक घंटे तक आवागमन रोक दिया।
सूचना मिलने पर एसडीपीओ-2 कीर्ति कमल समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया। ग्रामीण एसपी को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे।
घटना के कारणों को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे बालू कारोबार से जोड़ रहे हैं, जबकि कुछ के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर भी चर्चा है। इसी दौरान मृतक की कथित प्रेमिका ने अपने पति पर हत्या का आरोप लगाया। इस आरोप के बाद आक्रोशित लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है और हत्या में शामिल लोगों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन कर रही है।
Jehanabad, Jehanabad | Oct 4, 2026