ईएमआरएस किलाड़ में तीसरी हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन
पांगी, भरमौर, लाहौल और निचार की टीमों ने लिया भाग; उत्कृष्ट खिलाड़ियों को किया सम्मानित
पांगी, 30 सितंबर 2026।
जनजातीय क्षेत्र पांगी के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) किलाड़ में आयोजित तीसरी हिमाचल प्रदेश ईएमआरएस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। समापन समारोह में आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के चार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों—पांगी, भरमौर, लाहौल और निचार (किन्नौर)—की टीमों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।
खेलों से विकसित होती है नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास
समापन समारोह को संबोधित करते हुए आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों के साथ अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान करती हैं।
अमनदीप सिंह ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सम्मानित
समापन समारोह के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर निदेशक, अनुसूचित जनजाति विभाग हिमाचल प्रदेश वीर सिंह राणा, प्रधानाचार्य देश राज शर्मा, देवी सिंह, विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी, प्रतिभागी विद्यार्थी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Chamba, Chamba | Sep 30, 2026