गणेश विसर्जन की बात कहकर घर से निकला था 22 वर्षीय युवक, दो दिन बाद मिला शव । अनूपपुर। जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी में शुक्रवार को 22 वर्षीय युवक गोवर्धन कोल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि गोवर्धन 23 सितंबर को गणेश विसर्जन के लिए जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
परिजनों और ग्रामीणों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान शुक्रवार को उसका शव मिलने की सूचना सामने आई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही जैतहरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आने की संभावना है। फिलहाल पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
#Anuppur #Jaitahari #CrimeNews #MadhyaPradesh #BSP24News