बिहार के काशीचक रेलवे स्टेशन पर गया–हावड़ा एक्सप्रेस के एसी कोच में यात्रा कर रहे एक दारोगा दंपति और उनके परिवार के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद ट्रेन लगभग एक घंटे तक काशीचक स्टेशन पर रुकी रही।
पीड़ित महिला दारोगा ने वीडियो जारी कर प्रशासन और रेलवे से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनके अनुसार, वे गया से पाकुड़ जा रही थीं। नवादा स्टेशन पर कुछ युवक जबरन एसी कोच में घुसकर सीट पर बैठने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर युवकों ने अपने साथियों को काशीचक स्टेशन पर बुला लिया।
महिला दारोगा ने बताया कि उन्होंने पहले रेल मदद (RailMadad) और फिर टीटीई से शिकायत कर सुरक्षा की मांग की, लेकिन समय पर कोई सहायता नहीं मिली। आरोप है कि काशीचक स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद वैक्यूम काटकर ट्रेन रोकी गई और उनके पति हरिओम कुमार, बच्चे तथा उनके साथ मारपीट की गई।
घटना के विरोध में महिला दारोगा इंजन के सामने खड़ी हो गईं। बाद में आरपीएफ और स्थानीय पुलिस के मौके पर पहुंचने तथा समझाने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन करीब एक घंटे तक काशीचक स्टेशन पर खड़ी रही।
प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि ट्रेन में इस तरह की गुंडागर्दी और यात्रियों के साथ मारपीट बेहद चिंताजनक है। फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।