*यह सरकार बिहार की जनता की है, हम आपके सेवक हैं – मुख्यमंत्री*
*सेवा, संकल्प और समर्पण के 100 दिन, 11,464 करोड़ की लागत की 2,476 विकास योजनाओं का मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास एवं उद्घाटन*
मुख्य बिंदु :-
100 दिनों में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, आधारभूत संरचना और सुशासन के क्षेत्र में लिया गया ऐतिहासिक निर्णय, राज्य के समग्र विकास को मिली नई गति।
प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय, 211 डिग्री कॉलेज, 551 मॉडल स्कूल, ए०आई० आधारित स्मार्ट गवर्नेस, मेडिकल एवं औद्योगिक अवसंरचना के विस्तार सहित अनेक महत्वाकांक्षी योजनाओं को गति दी गई।
प्रत्येक जिले में 1-1 उद्योग लगाने तथा 20 नवंबर तक 5 लाख करोड़ के इनवेस्टमेंट बिहार में लाने का लक्ष्य।
वैशाली जिला के राजापाकर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पार्क तथा आई०एम०सी० (इंटीग्रेटेड मैन्यूफैक्चिरिंग क्लस्टर) गया परिसर में करीब 3000 एकड़ में डेडिकेटेड स्टील प्लांट हब बनाया जायेगा। अगले पाँच वर्षों में 25 नई चीनी मिलों की स्थापना कर कृषि आधारित उद्योगों को नई गति दी जाएगी।
जनता के सहयोग और विश्वास से समृद्ध बिहार का संकल्प अवश्य साकार होगा तथा आने वाले वर्षों में बिहार देश के विकास, निवेश, रोजगार, नवाचार और औद्योगिक प्रगति का अग्रणी इंजन बनकर उभरेगा।
गया, 25 जुलाई 2026 :- मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी आज अपनी सरकार के सेवा, संकल्प और समर्पण के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर बी०आई०टी० मेसरा, पटना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुये। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार बिहार की जनता की सरकार है, हम आपके सेवक हैं। बिहार की जनता ने जो भरोसा जताया है, उनके कल्याण तथा सपने को पूरा करने के लिये काम करते रहेंगे। इन 100 दिनों का प्रत्येक निर्णय जनहित, सुशासन तथा बिहार के सर्वांगीण विकास को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए तथा पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिये हमलोग संकल्पित होकर काम कर रहे हैं। सरकार के 100 दिन पूरे होने पर सभी बिहारवासियों को बधाई देता हूँ। 100 दिन मुख्यमंत्री के रूप में आपकी सेवा करने का मौका मिला है, यह मेरे लिये भावुक पल है। उन्होंने कहा कि बिहार ने विकास की नई गति प्राप्त की है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, निवेश और आधुनिक आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लेकर विकसित बिहार की मजबूत नींव रखी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बी०आई०टी० मेसरा परिसर में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। बी०आई०टी० मेसरा को इस कार्यक्रम के आयोजन के लिये जगह उपलब्ध कराने पर उनका अभार व्यक्त करता हूँ। उन्होंने कहा कि 14 करोड़ बिहारवासी कैसे आत्मनिर्भर हों, बिहार विकसित राज्य बने इसके लिये लगातार काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने के 15 दिनों में 11 हजार लोगों से मिला, उनका स्नेह भी प्राप्त हुआ और उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनने और समझने का मौका मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राज्य के विकास के लिए 11,464 करोड़ रुपये की लागत से 2,476 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है। इन परियोजनाओं के माध्यम से सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, उद्योग, पेयजल तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और राज्य के संतुलित एवं समग्र विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुखिया से लेकर मुख्यमंत्री तक जो भी लोगों से मिलते थे उनके आवदेन में एक ही तरह की समस्यायें रहती थीं। लोगों की समस्याओं के निदान को लेकर सभी 534 प्रखंडों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सहयोग शिविर में अबतक 7 लाख आवेदन आएं हैं, जिनमें से करीब 90 प्रतिशत का निष्पादन किया जा चुका है। प्रखंडों में लगने वाले सहयोग शिविर में जिन मामलों का निष्पादन तो होता है लेकिन जो आवेदक निर्णय से असंतुष्ट होते हैं, उनके समाधान को लेकर मैं स्वयं हर महीने के दूसरे मंगलवार को पटना में राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम में सुनवाई कर उसका निष्पादन करता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी से लेकर अब तक राज्य में सिर्फ 278 डिग्री कॉलेज थे। बीते दिनों हमलोगों ने एक ही दिन में राज्य में 211 डिग्री कॉलेज की शुरूआत की। 551 स्कूलों को मॉडल स्कूल बनाया गया है। राज्य में 60-70 के दशक में सिर्फ पटना के कंकड़बाग में टाउनशिप विकसित किया गया था। हमलोगों ने राज्य में 12 टाउनशिप विकसित करने का निर्णय लिया है, इस पर तेजी से काम चल रहा है। पुराने गौरवशाली इतिहास को फिर से स्थापित करने को लेकर सरकार काम कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ० श्रीकृष्ण सिंह जी ने बिहार के विकास की शुरुआत की, भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी ने सामाजिक न्याय को लेकर कार्य किया, पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने विकास की नींव को मजबूत किया है। अब हमलोगों को 15 से 18 घंटे काम कर बिहार को समृद्ध राज्य बनाना है। प्रत्येक जिले में 1-1 उद्योग लगाने को लेकर हमलोगों को काम करना है। 20 नवंबर तक 5 लाख करोड़ के इनवेस्टमेंट बिहार में लाना है। बिहार में पी०पी०पी० मोड पर सड़क, इंडस्ट्रीज और मेडिकल कॉलेज भी बनाया जायेगा। पटना में 26 किलोमीटर का मरिन ड्राइव बनाया गया है। अगले 3 वर्षों में बिहार में करीब 200 किलोमीटर का मरीन ड्राइव बनाया जायेगा। इस पर करीब 1 लाख करोड़ का इन्वेस्टमेंट आयेगा। अगले 5 वर्षों में 25 चीनी मिलें बिहार में शुरु की जायेगी।
आई०एम०सी० (इंटीग्रेटेड मैन्यूफैक्चिरिंग क्लस्टर) गया परिसर में करीब 3000 एकड़ में डेडिकेटेड स्टील प्लांट हब बनाया जायेगा। अभियान चलाकर एक करोड़ लोगों को राशन कार्ड से जोड़ा जायेगा। गंडक और कोसी नदी के किनारे कॉरिडोर बनाया जायेगा। पटना में जीविका टावर का निर्माण महिला सशक्तिकरण एवं स्वयं सहायता समूहों के लिए एक आधुनिक केंद्र के रूप में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन का रोडमैप तैयार किया गया है। डिजिटल शिक्षा व्यवस्था तथा आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। नालंदा विश्वविद्यालय के पुनरुत्थान के बाद विक्रमशिला विश्वविद्यालय के विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई है उसके लिये 220 एकड़ जमीन उपलब्ध करा दी गयी है। डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर ए०आई० एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय तथा शहीद जुब्बा सहनी के नाम पर आर्किटेक्चर एवं इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय स्थापित किया जायेगा। कर्पूरी ठाकुर संस्थान में रिसर्च सेंटर का निर्माण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए मेडिकल अवसंरचना का विस्तार किया जा रहा है। 15 अगस्त के बाद बिना किसी गंभीर बीमारी के जिला अस्पताल एवं अनुमंडल अस्पताल से अनावश्यक रूप से रेफर करने की व्यवस्था समाप्त होगी। सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के माध्यम से आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि अगले पाँच वर्षों में 25 नई चीनी मिलों की स्थापना कर कृषि आधारित उद्योगों को नई गति दी जाएगी। सरकार टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा अन्य क्षेत्रों में बड़े निवेश को प्रोत्साहित कर युवाओं के लिए व्यापक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक बिहार के निर्माण के लिए हेली-टूरिज्म का विकास किया जा रहा है। पटना का एयरपोर्ट भव्य बना है, उसी तरह दरभंगा एयरपोर्ट को भी विकसित किया जा रहा है। सोनपुर में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाने के लिये कार्य किया जा रहा है। सुल्तानगंज में भी नया एयरपोर्ट बनाया जा रहा है। कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, डिजिटल नवाचार तथा किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से भी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार देश का सबसे युवा, ऊर्जावान और संभावनाओं से परिपूर्ण राज्य है। सरकार 'आशा, सपना और जनकल्याण' के मंत्र के साथ प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता के सहयोग और विश्वास से समृद्ध बिहार का संकल्प अवश्य साकार होगा तथा आने वाले वर्षों में बिहार देश के विकास, निवेश, रोजगार, नवाचार और औद्योगिक प्रगति का अग्रणी इंजन बनकर उभरेगा।
मुख्यमंत्री ने 100 दिनों के उपलब्धियों पर आधारित एक पत्रिका एवं कॉफी टेबुल बुक का लोकार्पण किया। साथ ही परिवहन विभाग, उद्योग विभाग, सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, गन्ना उद्योग विभाग की महत्वपूर्ण नीतियों पर आधारित एक पुस्तिका का भी विमोचन किया। 100 दिन की उपलब्धियों पर आधारित एक वीडियो फिल्म दिखायी गयी।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की 11,464 करोड़ रूपये की 2476 विकास योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री के समक्ष सूचना एवं प्रावैधिकी विभाग तथा माइक्रो सॉफ्ट के बीच समझौता ज्ञापन कर आदान-प्रदान किया गया। साथ ही डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग तथा एच०पी०सी०एल० एवं आई०ओ०सी०एल० के बीच भी समझौता ज्ञापन कर आदान-प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अन्तर्गत फिजीशियन, ऑर्थोपेडिक्स, फार्मासिस्ट के चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर गया जिले में प्रेक्षागृह हरिदास सेमनरी परिषर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम के पश्चात आयुक्त मगध प्रमण्डल एवं माननीय विधायक बेलागंज एवं गया ज़िले के 500 भूमिहीनो को भूमि पर्चा सुपुर्द किया है।
इस अवसर पर माननीय विधायक बेलागंज मनोरमा देवी, आयुक्त मगध प्रमण्डल, ज़िला परिषद अध्यक्ष, ज़िला पदाधिकारी गया, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, सभी माननीय 20 सूत्री के उपाध्यक्ष, सदस्य, नागरिक परिषद के सभी माननीय सदस्य गण, ज़िला पंचायती राज पदाधिकारी, डीपीओ आईसीडीएस, वरीय उप समाहर्ता नैना, वरीय उप समाहर्ता नेहा सहित ज़िला स्तरीय सभी विभागों के पदाधिकारियों, बड़ी संख्या में जीविका दीदी, बिजली विभाग के लाभार्थियों, सामाजिक सुरक्षा विभाग के लाभार्थियों सहित बड़ी संख्या में आम जनों में माननीय मुख्यमंत्री जी के संबोधन को सुना है।
इस अवसर पर सभी प्रखंडों में, सभी पंचायतो में, सभी डिग्री कॉलेज, सभी मॉडल स्कूल, सभी स्मार्ट क्लास रूम, सभी आंगनवाड़ी केन्दों में लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम में माननीय मुख्यमंत्री जी के संबोधन को देखा एवं सुना गया है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Samrat Choudhary General Administration Department, Govt. of Bihar News18 Bihar Press Information Bureau - PIB, Government of India DDNewsLive Prasar Bharati News Services Home Department, Govt. of Bihar Revenue and Land Reforms Dept, Govt. of Bihar
160 views | Gaya, Bihar | Jul 25, 2026