संतकबीरनगर में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, डीएम आलोक कुमार ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
संतकबीरनगर में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई है। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद से पल्स पोलियो जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्कूली बच्चों ने बैंड-बाजे और उत्साह के साथ लोगों को पोलियो की दो बूंद पिलाने के लिए जागरूक किया।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि जन-जागरूकता और आम जनता के सहयोग से ही पोलियो जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि 28 जून को आयोजित बूथ दिवस पर 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रामानुज कनौजिया ने बताया कि जनपद में 0 से 5 वर्ष तक के कुल 3 लाख 11 हजार 141 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले में 858 बूथ बनाए गए हैं।
साथ ही 489 हाउस-टू-हाउस टीमें, 28 ट्रांजिट टीमें और 13 मोबाइल टीमें 29 जून से 3 जुलाई तक घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने सभी टीमों को समय से बूथ संचालन और कोल्ड चेन व्यवस्था का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि पोलियो मुक्त भारत के इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करें।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Jun 27, 2026