हरदोई में 26.52 लाख मतदाताओं की ड्राफ्ट सूची प्रकाशित, 16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां
हरदोई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन मंगलवार, 17 नवंबर को कर दिया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपाली भार्गव ने बताया कि जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों, मतदाता पंजीकरण केंद्रों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है।
आलेख्य मतदाता सूची के अनुसार जनपद में कुल 26,52,820 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 14,50,919 पुरुष, 12,01,861 महिला तथा 40 अन्य मतदाता शामिल हैं। मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, तहसील कार्यालयों, मतदाता पंजीकरण केंद्रों और संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों के पास निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। इसके अलावा मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in/ और हरदोई जिला प्रशासन की वेबसाइट https://hardoi.nic.in/district.election.office/ पर भी देखी जा सकती है। इसकी प्रतियां सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध करा दी गई हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची को लेकर दावे एवं आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। इस दौरान 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों सभी बूथ लेवल अधिकारी मतदान स्थलों पर मौजूद रहेंगे। इसके अतिरिक्त 18 और 19 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची पढ़कर सुनाई जाएगी।
विशेष अभियान दिवसों पर प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां मतदाताओं को आवेदन भरने में सहायता मिलेगी। नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में संशोधन के लिए फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकता है। इसके अलावा https://voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।
राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त बूथ लेवल एजेंट स्वघोषणा के साथ प्रतिदिन अधिकतम 10 फार्म तथा दावे एवं आपत्तियों की पूरी अवधि में अधिकतम 30 फार्म संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं।
मतदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जनपद स्तर पर डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर स्थापित किया गया है। इसका टोल फ्री नंबर 1950 और बेसिक नंबर 05852-234075 है। इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन कार्यालय और सभी तहसील कार्यालयों में हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। मतदाता वोटर हेल्पलाइन ऐप अथवा https://voters.eci.gov.in पोर्टल पर 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' विकल्प के माध्यम से भी अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
Bilgram, Hardoi | Nov 17, 2026