_*महिला किसान दिवस पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित*_
_*उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसान सम्मानित*_
*रायबरेली, 15 अक्टूबर 2026*
उप कृषि निदेशक हिमांशु पाण्डेय ने बताया है कि विकास भवन के महात्मा गांधी सभागार में महिला किसान दिवस के अवसर पर कृषि विभाग द्वारा रायबरेली में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला किसानों को कृषि क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका, योगदान एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों और विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान कर आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम में महिला किसानों को कृषि की नवीनतम तकनीकों, उन्नतशील बीजों, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य, फसल विविधीकरण तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
उप कृषि निदेशक हिमांशु पाण्डेय, भूमि संरक्षण अधिकारी (ऊसर) जगदीश प्रसाद, सहायक निदेशक मृदा परीक्षण संगीता कटियार एवं कृषि विशेषज्ञों ने महिला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने तथा कृषि आधारित आजीविका के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मत्स्य विभाग के अधिकारी इरफानउल्लाह खान ने महिला किसानों को मछली पालन, झींगा पालन एवं मोती की खेती सहित मत्स्य पालन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही कृषि यंत्रों के उपयोग, बीज उपचार, संतुलित उर्वरक प्रयोग तथा फसलों में कीट एवं रोग प्रबंधन के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों मीनू वर्मा, सुमन देवी, तेजवती सोनी, शिल्पा देवी, मंजू देवी, कमला देवी, चन्द्रवती देवी, रानकली एवं पूनम को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि कृषि के विकास और किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने में महिला किसानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिला किसानों को प्रशिक्षण, तकनीकी जानकारी एवं विभागीय योजनाओं से जोड़कर कृषि क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से महिला किसानों को कृषि क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने, नवीन तकनीकों को अपनाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आय में वृद्धि करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।