नरसिंह अवतार, मां शेरावाली की मनमोहक झांकी ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
प्रहलाद की भक्ति ने बांधा समां, धार्मिक प्रस्तुतियों पर गूंजे जयकारे
बाटोदा । कस्बे में श्याम मित्र मंडल के सानिध्य में आयोजित चतुर्थ गणेश महोत्सव के तहत रविवार को विभिन्न धार्मिक एवं मनमोहक झांकियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगवान नरसिंह अवतार, भक्त प्रहलाद और मां शेरावाली की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और पूरा पांडाल देर रात तक भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने भगवान विष्णु के नरसिंह अवतार एवं भक्त प्रहलाद की कथा का जीवंत मंचन किया। हिरण्यकश्यप के अत्याचारों के बीच प्रहलाद की अटूट भगवान विष्णु भक्ति को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। जैसे ही नरसिंह भगवान के प्रकट होने का दृश्य प्रस्तुत किया गया, पांडाल में मौजूद श्रद्धालुओं ने जयकारों से माहौल गुंजायमान कर दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान नरसिंह के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
वहीं मां शेरावाली की सुसज्जित एवं मनमोहक झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। मां दुर्गा के स्वरूप में सजे कलाकारों की प्रस्तुति को श्रद्धालुओं ने खूब सराहा। झांकी के दौरान भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। महिलाओं, बच्चों और युवाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम देखने के लिए पहुंचे।
आयोजन के दौरान भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी हुए। श्रद्धालुओं ने झांकियों के दर्शन कर धर्म एवं आस्था से जुड़े प्रसंगों का आनंद लिया। आयोजन समिति के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाएं संभालीं। झांकियों के दौरान पांडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।
चतुर्थ गणेश महोत्सव के तहत आयोजित इन धार्मिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भगवान नरसिंह के अवतार, भक्त प्रहलाद की अटूट भक्ति और मां दुर्गा की शक्ति का संदेश दिया। देर रात तक चले कार्यक्रम में श्रद्धालु धार्मिक झांकियों और भजनों में भाव-विभोर नजर आए।