गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जयनगर में निकली भव्य शोभायात्रा
जयनगर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जयनगर स्थित ॐ श्री साईं बाबा मंदिर समिति की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और साईं बाबा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे। जगह-जगह श्रद्धालुओं शोभायात्रा का स्वागत किया।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। इस मौके पर विशेष पूजा-अर्चना, आरती और प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया।
शोभायात्रा को सफल बनाने में मंदिर समिति के सदस्यों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।