खेल स्टेडियम शिवपुरी में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित
शिवपुरी- राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशानुसार तथा श्रीमती रंजना चतुर्वेदी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी के मार्गदर्शन में गतदिवस खेल स्टेडियम शिवपुरी में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित बॉलीवॉल खिलाड़ियों को नुपुर राठौर, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल शिवपुरी के द्वारा पॉक्सो एक्ट, नालसा ऐसिड हमले से पीड़ितों को विधिक सेवा योजना, भारतीय संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी।
उनके द्वारा बताया गया कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार प्रदान करता है। इन अधिकारों के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक का यह भी कर्तव्य है कि वह संविधान का सम्मान करें, राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बनाये रखे तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाहन करें।
साथ ही यह भी बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आर्थिक एवं समाजिक रूप से कमजोर वर्ग के व्यक्तियों को न्याय प्राप्त करने हेतु निशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इस अवसर पर श्री अजहर खान, वॉलीबॉल कोच शिवपुरी साहित खिलाड़ी उपस्थित रहे।
Pichhore, Shivpuri | Jun 5, 2026