मखाना उत्पादन से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
#देवरिया। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से मखाना विकास योजना के तहत चयनित 60 किसानों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम कृषि ज्ञान केंद्र, देवरिया में शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ भाजपा नेता संजय तिवारी, उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य तथा प्रगतिशील किसान वीरेंद्र मौर्य और तारकेश्वर शाही ने दीप प्रज्वलित कर किया।
जिला उद्यान अधिकारी संदीप कुमार गुप्ता ने किसानों को उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में तालाबों को जलीय फसलों से जोड़ने और मत्स्य पालन के साथ मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने का लक्ष्य है। इसके तहत पांच हेक्टेयर क्षेत्र में मखाना उत्पादन प्रस्तावित है।
सहायक निदेशक मत्स्य रमन चौधरी ने मछली पालन के साथ मखाना, कमल और सिंघाड़ा जैसी जलीय फसलों की खेती की तकनीक बताई। कुशीनगर के प्रगतिशील किसान विवेक सिंह ने मखाना उत्पादन की प्रारंभिक तकनीकों की जानकारी दी।
तकनीकी सत्र में कृषि वैज्ञानिकों ने भूमि चयन, बीज बुवाई, पोषक तत्व प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण, विपणन तथा मखाना के निर्यात की संभावनाओं पर किसानों को प्रशिक्षित किया। अधिकारियों ने किसानों से फसल विविधीकरण अपनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई पर 90 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ लेकर किसान पानी और लागत दोनों की बचत कर सकते हैं। प्रशिक्षण के अगले दिन किसानों को कुशीनगर के विभिन्न गांवों में मखाना उत्पादन इकाइयों का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे व्यावहारिक जानकारी हासिल कर सकें।
Barhaj, Deoria | Aug 24, 2026