जनगणना-2027 में जनभागीदारी का संदेश दे रहा कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित सेल्फी पॉइंट
जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी ने सेल्फी लेकर नागरिकों से स्व-गणना में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की
जनगणना-2027 को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने तथा आमजन को इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित सेल्फी पॉइंट पर जिलाधिकारी समीर एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज ने सेल्फी लेकर जनगणना में सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया। सेल्फी पॉइंट के माध्यम से जनसामान्य को यह संदेश दिया जा रहा है कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश और जनपद के भविष्य के विकास की आधारशिला है। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना की प्रक्रिया में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट http://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके पश्चात 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी तथा 05 से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण की प्रक्रिया संपन्न होगी।जिलाधिकारी समीर ने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं और स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाकर निर्धारित समयावधि में अपने परिवार का विवरण दर्ज करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही जनगणना के आंकड़े अधिक सटीक एवं उपयोगी बनेंगे। सही जनगणना आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और संसाधनों के बेहतर नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। हमारी जनगणना–हमारा विकास के संदेश के साथ जनपद में जनगणना-2027 को जनभागीदारी का अभियान बनाने की दिशा में जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।