महिला लेखपाल के आरोपों पर SDM शाहाबाद का पलटवार, बोले- मनचाहा क्षेत्र न मिलने पर बनाया दबाव
हरदोई: शाहाबाद तहसील में महिला लेखपाल और एसडीएम सुशील मिश्रा के बीच विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। महिला लेखपाल द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद एसडीएम सुशील मिश्रा ने भी अपना पक्ष रखते हुए आरोपों को निराधार बताया है।
एसडीएम सुशील मिश्रा का कहना है कि महिला लेखपाल को खतौनी से संबंधित कार्य सौंपा गया था। कार्य की प्रगति संतोषजनक न होने पर जब उनसे जवाब मांगा गया तो उन्होंने यह कार्य करने से इनकार कर दिया और मनचाहा क्षेत्र आवंटित करने का दबाव बनाने लगीं।
एसडीएम के अनुसार महिला लेखपाल ने कहा कि वह वर्तमान कार्य नहीं करेंगी और उन्हें दूसरे क्षेत्र में तैनात किया जाए। जब उनकी मांग नहीं मानी गई तो उन्होंने कार्यालय में अभद्र व्यवहार करते हुए हंगामा किया और बाद में कोतवाली शाहाबाद पहुंचकर तहरीर दी। सुशील मिश्रा ने यह भी दावा किया कि इससे पहले उन पर जानलेवा हमला हो चुका है, लेकिन राजनीतिक रसूख के चलते उस मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि अब भी उन पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
एसडीएम ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित महिला लेखपाल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के रिश्ते में हैं और उन्होंने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए उनके चेंबर में आकर विवाद किया। फिलहाल मामले में दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप सामने आए हैं। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Hardoi, Hardoi | Jul 6, 2026