गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने सड़कों पर उतरकर हालात का जायजा लिया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने एडीसीपी संतोष कुमार और एसीपी सार्थक सेंगर के साथ थाना जेवर और रबूपुरा क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और पुलिस की सतर्कता का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने संदिग्ध वाहनों की बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग करने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने पर जोर दिया।