सिविल डिफेंस वालेंटियर्स का सात दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण प्रारंभ
===================================
जिला होमगार्ड कमांडेंट श्रीमती स्नेहलता पाठ्या के मार्गदर्शन में स्थानीय होमगार्ड परिसर में सिविल डिफेंस वालेंटियर्स के सात दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण के द्वितीय बैच का आज शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान स्वयंसेवकों को प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए प्रशिक्षित करना तथा आमजन को आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी देना है।
इस अवसर पर कमांडेंट श्रीमती पाठ्या ने बताया कि जिले के सिविल डिफेंस वालेंटियर्स को विभिन्न प्राकृतिक एवं मानव आधारित आपदाओं से निपटने के लिए व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि आपदा की स्थिति में वे त्वरित एवं प्रभावी सहयोग प्रदान कर सकें।
प्रशिक्षण के दौरान रिसोर्स पर्सन श्री श्यामल राव ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए शासन अपने स्तर पर कार्य करता है, लेकिन आपदा की स्थिति में सबसे पहले स्थानीय नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इसलिए समाज में जागरूकता बढ़ाना और लोगों को सही जानकारी देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
रिसोर्स पर्सन श्री गणेश धुर्वे ने प्रशिक्षण में सिविल डिफेंस के 12 प्रमुख कार्यों, प्राधिकरण के गठन, आकाशीय बिजली, बाढ़, जहरीले सर्पों की पहचान एवं उपचार प्रबंधन की जानकारी दी। साथ ही अग्निशमन यंत्रों, विशेष रूप से एबीसी टाइप अग्निशामक यंत्रों के उपयोग, घरेलू आग, अपार्टमेंट में लगने वाली आग तथा पेट्रोल से लगी आग को बुझाने के तरीकों का व्यवहारिक अभ्यास कराया।
प्रशिक्षण में वालेंटियर्स को अग्निशमन यंत्रों के सुरक्षित उपयोग एवं संचालन का अभ्यास भी कराया गया। इसके अलावा बाढ़ के दौरान उपयोग में आने वाले लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय तथा स्थानीय संसाधनों से तैयार किए गए राफ्ट के उपयोग की विधियों की जानकारी देकर उनका व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh
130 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Jul 9, 2026