#Balrampur ! गांवों में चोरी, पशु चोरी और अवैध गतिविधियों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर...
ग्राम प्रधानों व चौकीदारों के साथ बैठक कर गठित की ग्राम सुरक्षा समिति, संदिग्धों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश...
#बलरामपुर। गांवों में अपराधों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए शुक्रवार को कोतवाली नगर परिसर में ग्राम प्रधानों व चौकीदारों के साथ बैठक आयोजित की गई। क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्राम सुरक्षा समितियों के गठन और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में आयोजित बैठक में क्षेत्राधिकारी ने ग्राम प्रधानों व चौकीदारों को अपने-अपने गांवों में नियमित रात्रि गश्त करने तथा चोरी, लूट, छिनैती, पशु चोरी, अवैध शराब और जुए जैसी गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, फेरीवालों और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर सतर्कता बरतने के साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया।
बैठक में साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। ग्रामीणों को फर्जी कॉल, ओटीपी ठगी, लॉटरी और आकर्षक ऑफर के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी तथा क्यूआर कोड स्कैम से सतर्क रहने की सलाह दी गई। अनजान लिंक पर क्लिक न करने और किसी से भी ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने की अपील की गई।
आगामी चुनाव के मद्देनजर गांवों में आपसी विवादों की जानकारी भी पुलिस को देने को कहा गया, ताकि समय रहते उनका विधिक निस्तारण कर किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। बैठक में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, उपनिरीक्षक, बीट आरक्षी सहित क्षेत्र के ग्राम प्रधान व चौकीदार मौजूद रहे।
#balrampur #balrampurpolice
Balrampur, Balrampur | Nov 13, 2026