परसाई के पास कुंडलपुर से लौट रहे जबलपुर के दंपति पर गिरी पेड़ की डाल, दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत
जिला अस्पताल में डॉ ने किया मृत घोषित, जांच में जुटी पुलिस
दमोह। तेजगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार शाम करीब 6 बजे एक दर्दनाक हादसे में कुंडलपुर से दर्शन कर लौट रहे जबलपुर निवासी दंपति की पेड़ की भारी डाल गिरने से मौत हो गई। हादसा परसाई पेट्रोल पंप के पास हुआ। गंभीर रूप से घायल दंपति को स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान जबलपुर के मन्नू लाल हॉस्पिटल निवासी आशीष जैन और उनकी पत्नी शोभा जैन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों स्कूटी से कुंडलपुर दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे स्थित आग लगने से खोखले हो चुके पेड़ की भारी भरकम डाल अचानक उनके ऊपर गिर गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन मौके पर पहुंचे। एक साथ दंपति की मौत से परिवार में शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने पेड़ की देखरेख में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले भी तारादेही मार्ग पर दरौली के पास बारिश के दौरान पेड़ की डाल गिरने से एक युवक की मौत हुई थी।
घटना के बाद तेजगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दोनों शव जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाए गए हैं। जहां कल मंगलवार सुबह पंचनामा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
Damoh, Damoh | Jun 29, 2026