चित्रकूट से इस वक्त की खबर है, जहां नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 21 शास्त्री नगर में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है।
सेवा पखवाड़ा के तहत शास्त्री नगर में करीब 36 लाख रुपये की लागत से नाली और सीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया।
अधिशासी अधिकारी राजकिशोर वर्मा की मौजूदगी में वार्ड सभासद शंकर प्रसाद यादव ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
यह निर्माण कार्य विनोद सोनी के घर से अभिषेक मिश्रा के घर तक कराया जाएगा। इससे जहां स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
सभासद शंकर यादव ने विकास कार्य के लिए नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता और अधिशासी अधिकारी का आभार जताया।
वहीं अधिशासी अधिकारी राजकिशोर वर्मा ने बताया कि करीब 36 लाख रुपये की लागत से नाली और सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका उद्देश्य वार्डवासियों को बेहतर सड़क और जल निकासी की सुविधा उपलब्ध कराना है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, अवर अभियंता शुभम तिवारी, ठेकेदार सुरेश पांडे समेत नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने विकास कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए उम्मीद जताई कि निर्माण पूरा होने के बाद शास्त्री नगर में सड़क और जल निकासी की समस्या काफी हद तक दूर होगी।