शतचंडी महायज्ञ हेतु निकली भव्य कलश यात्रा, मुख्य यजमान होंगे मनीष मिश्रा
बस्ती: बस्ती की सुख-समृद्धि, विकास और जनकल्याण की कामना के साथ रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें 11 हजार महिलाओं ने सहभागिता की। इसी के साथ बस्ती में भव्य शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ हो गया, जिसके मुख्य यजमान पहल वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक अध्यक्ष मनीष मिश्रा होंगे। दिल्ली से आए मुख्य पुरोहित आचार्य अजय पांडे के नेतृत्व में विद्वान पुरोहितों का दल वैदिक विधि-विधान से महायज्ञ संपन्न कराएगा।
बस्ती की जीवनदायिनी और माँ के रूप में पूजनीय कुआनो नदी के तट पर स्थित अमहट शिव मंदिर में सुबह से ही हजारों महिलाओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। वैदिक मंत्रोच्चार और माता के जयघोष के बीच मनीष मिश्रा की उपस्थिति में कलश यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा अमहट शिव मंदिर से झंडा तिराहा, शास्त्री चौक, कंपनी बाग, गांधीनगर, जीआईसी, रोडवेज, मालवीय रोड, ब्राह्मण महासभा और सीएमएस स्कूल के समीप सेवा हॉस्पिटल वाली गली से होते हुए जीडी मिश्रा के आवास स्थित यज्ञ स्थल पर संपन्न हुई।
इस अवसर पर मनीष मिश्रा ने कहा, “यह शतचंडी महायज्ञ किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि संपूर्ण बस्ती के कल्याण का संकल्प है। हम माँ भगवती से बस्ती की समृद्धि, विकास, सुख-शांति और प्रत्येक परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद मांगेंगे। इस आयोजन का नेतृत्व मैं नहीं, बल्कि बस्ती की नारी शक्ति कर रही है। पहल वेलफेयर सोसाइटी की ‘राम जी का झोला’, ‘राम जी का पेड़ा’ सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी हमारी माताएँ-बहनें इसकी वास्तविक सूत्रधार हैं।”
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की अगुवाई में आयोजित यह महायज्ञ बस्ती के आध्यात्मिक गौरव, सामाजिक एकता और जनकल्याण के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगा।
कलश यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर भक्तिमय वातावरण रहा और हजारों महिलाओं की सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
Manish Mishra Basti Times Basti Ke Log बस्ती जिला
Basti, Basti | Oct 11, 2026