शिक्षक दिवस पर अतिथि शिक्षकों का प्रदर्शन, नियमितीकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
18 से 20 वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद स्थायी नियुक्ति का इंतजार, जिलेभर से डिंडौरी पहुंचे अतिथि शिक्षक
शिक्षक दिवस के मौके पर डिंडौरी जिला मुख्यालय में अतिथि शिक्षकों ने अपनी वर्षों पुरानी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। जिलेभर से बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक डिंडौरी पहुंचे और रैली निकालकर नियमितीकरण की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।
अतिथि शिक्षकों की रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। इसके बाद अतिथि शिक्षक संघ के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
वर्षों से अस्थायी व्यवस्था में सेवाएं देने का दावा
अतिथि शिक्षकों का कहना है कि वे पिछले 18 से 20 वर्षों से बेहद कम मानदेय पर शिक्षा व्यवस्था में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन लंबा समय बीतने के बावजूद उन्हें नियमित नहीं किया गया। शिक्षकों का आरोप है कि पूर्व में मुख्यमंत्री की ओर से नियमितीकरण को लेकर आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रदर्शन कर रहे अतिथि शिक्षकों ने कहा कि वर्षों से अस्थायी व्यवस्था में कार्य करने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई शिक्षक अपनी सेवा का बड़ा हिस्सा अतिथि शिक्षक के रूप में पूरा कर चुके हैं, इसके बावजूद नौकरी की स्थायित्व और भविष्य की सुरक्षा को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
विधायक ओमकार मरकाम ने किया मांगों का समर्थन
अतिथि शिक्षकों के प्रदर्शन को कांग्रेस विधायक ओमकार मरकाम का भी समर्थन मिला। उन्होंने अतिथि शिक्षकों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि वर्षों से शिक्षा व्यवस्था में सेवाएं दे रहे शिक्षकों के भविष्य को लेकर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
अतिथि शिक्षकों ने सरकार से नियमितीकरण सहित अपने भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में ठोस निर्णय लेने की मांग की है। अब प्रदर्शन और ज्ञापन के बाद अतिथि शिक्षकों को सरकार की ओर से सकारात्मक कार्रवाई का इंतजार है।
#GuestTeachers #AtithiShikshak #Dindori #MadhyaPradesh #BreakingNews Part 4