डोमचांच के चैनपुर के ग्रामीणों ने श्रमदान से 4 एकड़ के दयाल तालाब को दिया नया जीवन
डोमचांच प्रखंड अंतर्गत चैनपुर में ग्रामीणों ने एकजुट होकर करीब चार एकड़ में फैले दयाल तालाब के जीर्णोद्धार की पहल शुरू की है। वर्षों से उपेक्षित तालाब कचरे, क्रशर के डस्ट और झाड़ियों से भर गया था, जिससे जल संकट के साथ छठ महापर्व के दौरान भी परेशानी होती थी। बुधवार को 7 बजे ग्रामीणों ने श्रमदान और निजी खर्च से तालाब की साफ-सफाई शुरू कराई। इस कार्य में 25 जेसीबी और हाइवा मशीनें लगाई गई हैं। अभियान में बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ग्रामीणों की इस पहल से तालाब को नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है। हालांकि, ग्रामीणों ने तालाब का गहरीकरण कराने और पक्के घाट का निर्माण कराने की मांग उपायुक्त से की है, ताकि जल संरक्षण के साथ छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके।