पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में नशा मुक्त भारत अभियान अंतर्गत क्राइम ब्रांच होडल का नशा तस्करों पर डबल एक्शन, दो अलग-अलग मामलों में स्मैक/हेरोइन के साथ दो तस्कर धरे।
Aonenews अरविन्द बक्शी
जिले में किसी भी प्रकार के अवैध नशीले पदार्थों का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पलवल पुलिस नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रखेगी-दीप्ति गर्ग, पुलिस अधीक्षक, पलवल।
पलवल। पलवल जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच (सीआईए) होडल की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीआईए स्टाफ होडल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 23.26 ग्राम अवैध स्मैक/हेरोइन बरामद की है।
क्राइम ब्रांच होडल प्रभारी P SI अमित कुमार ने बताया कि
क्राइम ब्रांच होडल की टीम (एएसआई सिराज़ुद्दीन की अगुवाई में) गश्त और अपराध जांच के दौरान बहीन क्षेत्र में मौजूद थी। उसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि दाऊद पुत्र हकमुद्दीन, निवासी गांव खाईका, थाना बहीन, स्मैक/हेरोइन बेचने का अवैध धंधा करता है और अन्धोप सरकारी स्कूल के पास किसी ग्राहक की फिराक में खड़ा है।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश देकर आरोपी दाऊद को काबू किया। नियमानुसार नोडल अधिकारी/ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 11.26 ग्राम अवैध स्मैक/हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना बहीन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
एक अन्य कार्रवाई में क्राइम ब्रांच होडल की टीम (एएसआई राकेश कुमार की अगुवाई में) बाबरी मोड़ होडल पर गश्त पर थी। पुलिस को सूचना मिली कि रवि पुत्र टेकचंद, निवासी वार्ड नंबर 4, आर्य नगर, हसनपुर चौक, होडल, नशीला पदार्थ बेचने का काम करता है और सर्विस रोड पर खड़ा है।
पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि को हसनपुर चौक सर्विस रोड के पास से काबू किया। नोडल अधिकारी/ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के जेब से 12 ग्राम अवैध स्मैक/हेरोइन बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ थाना होडल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। नशा तस्करों की नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए तस्करों को पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध नशीले पदार्थों का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पलवल पुलिस नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
Faridabad, Faridabad | Sep 20, 2026