जिला चिकित्सालय खरगोन में मिशन मधुहारी क्लिनिक का शुभारंभ
________________
टाइप-1 मधुमेह से प्रभावित लोगों को मिलेगी विशेषज्ञ परामर्श और निःशुल्क इंसुलिन की सुविधा
________________
इंदौर संभाग में एनसीडी के अंतर्गत पहला मिशन मधुहारी क्लिनिक खरगोन में शुरू
________________
खरगोन 23 अक्टूबर 2026। टाइप-1 मधुमेह से प्रभावित लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला चिकित्सालय खरगोन में मिशन मधुहारी क्लिनिक का शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बापू सिंह परिहार ने क्लिनिक का शुभारंभ किया। यह क्लिनिक जिला चिकित्सालय के गैर-संचारी रोग (एनसीडी) क्लिनिक के कक्ष क्रमांक 23 में संचालित होगा। इंदौर संभाग में एनसीडी के अंतर्गत शुरू होने वाला यह पहला मिशन मधुहारी क्लिनिक है।
विशेषज्ञ परामर्श के साथ निःशुल्क मिलेगी इंसुलिन
मिशन मधुहारी क्लिनिक के माध्यम से टाइप-1 मधुमेह से प्रभावित लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, मधुमेह संबंधी जानकारी, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा इंसुलिन की मासिक आपूर्ति निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही इंसुलिन देने के लिए आवश्यक सिरिंज भी प्रदान की जाएंगी। क्लिनिक में मरीजों की वृद्धि एवं विकास की निगरानी, शारीरिक परीक्षण, नियमित जांच और रक्त शर्करा के स्तर के अनुसार इंसुलिन की खुराक के प्रबंधन पर ध्यान दिया जाएगा।
जटिलताओं की पहचान और उपचार में मिलेगी सहायता
टाइप-1 मधुमेह एक ऐसी स्थिति है, जिसमें शरीर में इंसुलिन का उत्पादन बहुत कम या बंद हो जाता है। ऐसे मरीजों के लिए नियमित इंसुलिन लेना और चिकित्सकीय निगरानी में रहना आवश्यक है। समय पर देखभाल नहीं मिलने पर गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं का जोखिम बढ़ सकता है।
मिशन मधुहारी क्लिनिक के माध्यम से मरीजों में संभावित जटिलताओं की शुरुआती पहचान कर आवश्यकतानुसार उच्च स्वास्थ्य संस्थानों एवं मेडिकल कॉलेजों में उपचार के लिए रेफर किया जा सकेगा। इससे मरीजों और उनके परिजनों को एक ही स्थान पर जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा उपचार पर होने वाले आर्थिक बोझ को कम करने में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. राजकुमारी देवड़ा, आरएमओ डॉ. धीरेंद्र सोनी, एमडी मेडिसिन डॉ. चंचला गुप्ता, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सपना सिंह, नर्सिंग ऑफिसर श्री दुर्गेश वर्मा, श्री सुमित खटारिया एवं श्री धर्मेंद्र सेन सहित अन्य संबंधित स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Oct 23, 2026