पढ़ाई को तनावमुक्त होकर लक्ष्य तय करें, जीवन को उत्सव की तरह जिएं
________________
कन्या हायर सेकंडरी स्कूल में आयोजित हुआ आनंद अल्पविराम कार्यक्रम
________________
छात्राओं को शांत समय और ध्यान के माध्यम से तनावमुक्त रहने का दिया संदेश
________________
खरगोन 23 अक्टूबर 2026। राज्य आनंद संस्थान द्वारा कन्या हायर सेकंडरी स्कूल, खरगोन में कक्षा 12वीं कला एवं वाणिज्य संकाय की छात्राओं के लिए आनंद अल्पविराम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को पढ़ाई के तनाव से मुक्त होकर सकारात्मक सोच अपनाने तथा जीवन को आनंदमय बनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपने विचार साझा करते हुए बताया कि उन्हें छोटी-छोटी बातों पर क्रोध आता है और पढ़ाई के कारण तनाव बना रहता है। इस पर जिला समन्वयक श्री के.बी. मंसारे ने कहा कि विद्यार्थियों को संसाधनों की कमी को लेकर तनाव नहीं रखना चाहिए। राज्य आनंद संस्थान के अल्पविराम कार्यक्रम से जुड़कर आनंदमय जीवन जीने की कला सीखी जा सकती है।
श्री मंसारे ने बताया कि प्रदेशभर के सांदीपनि विद्यालयों में आनंद सभा पाठ्यक्रम लागू किया गया है। उन्होंने शांत समय और ध्यान (मेडिटेशन) के माध्यम से छात्राओं को तनावमुक्त रहने तथा स्वयं के भीतर आनंद का अनुभव करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन को बोझ नहीं, बल्कि उत्सव की तरह जीना चाहिए। इसके लिए सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में 30 सेकंड की ताली गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को हंसाया गया तथा आनंद की ओर सत्र आयोजित किया गया। पांच मिनट के शांत समय की गतिविधि के माध्यम से छात्राओं ने स्वयं के भीतर आनंद का अनुभव किया। इस दौरान बताया गया कि अहंकार, नफरत, ईर्ष्या, लालच और क्रोध जैसे भाव तनाव उत्पन्न करते हैं। इनसे बाहर निकलकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
#JansamparkMP #khargone