बिहार सरकार के 100 दिनों की उपलब्धियों का समाहरणालय में सीधा प्रसारण, उत्कृष्ट कर्मियों को किया गया सम्मानित
लखीसराय। बिहार सरकार के सेवा, संकल्प एवं समर्पण के 100 दिनों की उपलब्धियों पर आधारित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सूचना एवं जन-संपर्क विभाग, पटना के निर्देशानुसार किया गया, जिसमें जिला स्तरीय पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आमंत्रित अतिथियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा गया, जिसमें उन्होंने राज्य सरकार के 100 दिनों के कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, पंचायत विकास, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड निर्माण, सहयोग शिविर, प्रगति यात्रा, समृद्धि यात्रा, रोजगार सृजन और पर्यटन विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुई उपलब्धियों की जानकारी दी। साथ ही आगामी विकास योजनाओं और जनसेवा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।
इस अवसर पर विभागवार उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म एवं प्रस्तुति भी दिखाई गई। अधिकारियों ने जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा समयबद्ध और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान लखीसराय जिले के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सम्मानित कर्मियों की कार्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए इसे अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम का समापन बिहार गीत के साथ हुआ। जिला प्रशासन ने सभी विभागों के सहयोग से कार्यक्रम का सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित किया।
इस मौके पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग धीरज कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।