#भरतपुर। जिले के उच्चैन थाना इलाके में शनिवार शाम जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें खेत पर कब्जा करने आए एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के 60 वर्षीय बुजुर्ग रमेश को स्कॉर्पियो गाड़ी से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। करीब 30 साल पहले खरीदे गए एक खेत का सेटलमेंट के दौरान खसरा नंबर बदलने को लेकर बच्चू बंजारा और सुभाष बंजारा पक्षों के बीच यह पुराना विवाद चल रहा था। शनिवार को जब एक पक्ष खेत पर काम कर रहा था, तभी दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चढ़ाकर वारदात को अंजाम दिया गया। इस भीषण टकराव में दोनों पक्षों के करीब 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उच्चैन और आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और रविवार सुबह मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।