#आखिर_पुलिस_क्यों_चुप_है?
भरतपुर पुलिस को लेकर एक शर्मनाक वीडियो वायरल हो रहा है। करीब 1 करोड़ फ़ॉलोअर्स वाले "इंडियंस" नाम के अकाउंट से जारी किए गए इस वीडियो में बताया गया है कि भरतपुर पुलिस ने एक सुंदर औरत से पहले रास्ता पूछा और फिर उसको अपनी गाड़ी में ले जाकर थाने में उसके साथ बलात्कार किया है। वीडियो में दर्शाया गया है कि औरत ने फिर घर जाकर अपने 12 वर्षीय बेटे को दुष्कर्म के बारे में बताया, जिसके बाद आक्रोशित बच्चे ने पुलिस दरोगा को 3 राउंड फायर कर मौत के घाट उतार दिया। इस वीडियो के प्रसारित होने के बाद बहुत से लोगों का मानना है कि ये वीडियो उस कुकृत्य से जुड़ा हुआ है, जिसमें भरतपुर जिले के भुसावर पुलिस थाने पर तैनात 2 ट्रेनी कांस्टेबलों ने खाकी पर दाग़ लगाया था। उस समय कांस्टेबलो ने आधी रात एक महिला को जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर थाने लाकर उसके साथ अभद्रता और बदसलूकी की थी। जिसके बाद तत्कालीन एसपी दिगंत आनंद ने दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया था। अब सवाल ये उठता है कि इस वायरल वीडियो को भुसावर वाली घटना से जोड़कर देखा जाए तो भी इस वीडियो में कुछ बातें भ्रामक प्रसारित की गई है। इस वीडियो को अभी तक लाखों लोग देख चुके है और हजारों लोग कमेंट कर चुके है। लेकिन भरतपुर पुलिस ने अभी तक किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस ने सिर्फ इस वीडियो पर भ्रामक होने का कमेंट करके अपनी ड्यूटी पूरी कर ली है। स्थानीय लोगों का भरतपुर पुलिस से सिर्फ एक सवाल है कि "अगर ऐसा वीडियो किसी भरतपुर जिले के व्यक्ति ने डाला होता तो भी क्या पुलिस ऐसे ही चुप बैठी होती?"