तेज रफ्तार थार ने मां-बेटी को कुचला, एक की मौत तीन घायल।
अरवल | 24 NEWS LIVE
बिहार के अरवल जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मेहंदिया थाना क्षेत्र के कोनी कुटी गांव के समीप तेज रफ्तार थार ने सड़क किनारे जा रही मां-बेटी को कुचल दिया। हादसे में 14 वर्षीय रागिनी कुमारी की मौके पर मौत हो गई, जबकि मां मुन्नी देवी गंभीर रूप से घायल हैं।
मां-बेटी को कुचलने के बाद अनियंत्रित थार सड़क किनारे घर में घुस गई, जहां खाना बना रही रिया देवी और बर्तन धो रही सोनामी कुमारी भी घायल हो गईं। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल अरवल में चल रहा है। मृतका के पिता धनंजय कुमार फिलहाल जेल में हैं।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पटना-औरंगाबाद NH-139 को जाम कर हंगामा किया। मेहंदिया थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थार सवार दो लोग फरार हैं, एक को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।