सुपौल व्यवहार न्यायालय में लोक अदालत का आयोजन, डीएम सावन कुमार ने त्वरित न्याय को बताया महत्वपूर्ण
सुपौल व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक सरथ आर.एस. एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान न्यायिक पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य विभिन्न मामलों का आपसी सहमति और सुलह के आधार पर त्वरित निष्पादन करना रहा। इस दौरान लोन सेटलमेंट, ट्रैफिक चालान सेटलमेंट सहित अन्य मामलों के समाधान के लिए लोगों को सुविधा उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि लोक अदालत आम लोगों को त्वरित और सुलभ न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है। लोक अदालत के जरिए मामलों का समाधान आपसी सहमति से कम समय में किया जा सकता है, जिससे लोगों को लंबे समय तक न्यायालय की प्रक्रिया में रहने की परेशानी से राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ भी कम होता है और लोगों को अपने मामलों का शीघ्र समाधान प्राप्त होता है।
डीएम ने कहा कि लोक अदालत में दोनों पक्षों की सहमति से मामलों का निष्पादन किया जाता है, जिससे विवादों का स्थायी और शांतिपूर्ण समाधान संभव होता है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे लोक अदालत के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न बैंकों से जुड़े ऋण मामलों, यातायात चालान तथा अन्य सुलह योग्य मामलों को लेकर लोगों ने भाग लिया। संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए न्यायिक एवं प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक व्यवस्था की गई थी। आयोजन का उद्देश्य लोगों को सरल, सस्ता और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना रहा।
Supaul, Supaul | Sep 12, 2026