संतकबीरनगर जेल में लगा समाधान शिविर, बंदियों ने लगाई न्याय की गुहार
संतकबीरनगर जिला कारागार में शुक्रवार को बंदी समस्या समाधान दिवस के तहत एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह की पहल पर संपन्न हुआ।
शिविर में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव ने जेल में निरुद्ध बंदियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान कई बंदियों ने अपनी कानूनी और व्यक्तिगत समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
धनघटा थाना क्षेत्र के रामपुर मध्य गांव निवासी रामानंद ने बताया कि वह गांजा रखने के आरोप में जेल में निरुद्ध हैं और उन्हें कानूनी सहायता की आवश्यकता है। वहीं बेलहर कला थाना क्षेत्र के लोहरसन गांव निवासी अहमद अली ने चोरी के मामले में अधिवक्ता उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके अलावा बनौली गांव निवासी छोटू राजभर ने बताया कि जमानत मंजूर होने के बावजूद जमानतदार न मिलने के कारण वह जेल से रिहा नहीं हो पा रहे हैं। अन्य बंदियों ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान का भरोसा दिलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता एवं उनके अधिकारों की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर डिप्टी जेलर हरिकेश, जेल पीएलवी सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।