हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को पंचकूला के सेक्टर-5 में आयोजित समारोह में नमो क्रिकेट लीग-2026 की ट्रॉफी का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए क्रिकेट में भी हाथ आजमाया। मुख्यमंत्री ने खेल प्रतिभाओं और कलाकारों को सम्मानस्वरूप क्रिकेट बैट और बॉल भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने नमो क्रिकेट लीग की परिकल्पना और इसकी तैयारियों के लिए सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट को बधाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव श्री तरुण भंडारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उदेश्य से आयोजित की जा रही नमो क्रिकेट लीग में 5 राज्यों की 3 हजार से अधिक टीमें भाग लेंगी। इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी से नशामुक्ति का संदेश व्यापक स्तर पर जाएगा, क्योंकि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ही नशे के विरूद्व जागरूकता फैलाना है। यह आयोजन इसलिए भी विशेष है, क्योंकि इसका शुभारंभ 17 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर किया जा रहा है।
हरियाणा की मिट्टी में खेल और खिलाड़ी दोनों रचे-बसे हुए हैं। ओलंपिक हो, पैरालंपिक हो, एशियाई खेल हों, राष्ट्रमंडल खेल हों या अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं-हरियाणा के खिलाड़ियों ने बार-बार सिद्ध किया है कि छोटा प्रदेश होते हुए भी हमारा हौसला बहुत बड़ा है। यही हौसला हाल ही में ग्लासगो में हुए 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स में देखने को मिला। इन खेलों में भारत ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान प्राप्त किया। इनमें से हरियाणा के खिलाड़ियों ने 11 पदक जीते हैं। इनमें 7 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। इन खेल उपलब्धियों का श्रेय हमारे खिलाड़ियों की मेहनत और राज्य सरकार की खेल नीति को जाता है।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia
Panchkula, Panchkula | Sep 3, 2026